दुखद. मौत के बाद परिजनों में मचा कोहराम
सोमवार को जिले में विभिन्न हादसों में दो लोगों की मौत हो गयी. सेन्दुआरी में सड़क हादसे में एक पांच साल के बच्चे की मौत हो गयी़ वहीं दाउदनगर चकगढ़ो में करेंट लगने से एक व्यक्ति की जान चली गयी.
हाजीपुर : हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग के सेन्दुआरी गांव में सोमवार की शाम एक पिकअप वैन की ठोकर से एक पांच साल के मासूम की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोग जुट गये, लोगों ने सड़क जाम कर वाहनों का अावाजाही ठप कर दिया. मृतक पांच वर्षीय रंजन कुमार सदर थाना क्षेत्र के सेन्दुआरी गांव निवासी विजेंद्र राय का पुत्र था. घटना के बारे में लोगों ने बताया की बालक अपने घर के बाहर ही खड़ा था. जहां महुआ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार की पिकअप वैन का चालक घर के समीप खड़े उस बालक को कुचलते हुए भाग निकला. घटना से लोग आक्रोशित हो गये व कार्रवाई की मांग करने लगे. इसके बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया.
बिदुपुर. सोमवार को थाने के दाउदनगर चकगढ़ो ग्राम में करेंट लगने से एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक नंद किशोर चौधरी थाने के दाउदनगर चकगढो ग्राम के सकल चौधरी का पुत्र बताया गया है, जो मेहनत मजदूरी कर किसी तरह अपना घर चलाता था.
मृतक अपने घर मे ही था कि अचानक विद्युत सर्विस पाइप में करेंट आ गयी और वह उसके चपेट में आ गया, जिससे बिजली का जोरदार झटका लगा और नंद किशोर जमीन पर गिर पड़ा. परिजनों ने आनन-फानन में इलाज हेतु सदर अस्पताल हाजीपुर लाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना को लेकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के परिवार में मात्र एक 10 वर्ष का पुत्र ही है. वे पूर्ण रूपेण गरीब परिवार से है. जदयू नेता अनिल चौरसिया ने आरोप लगाया की विद्युत विभाग के लापरवाही के कारण उक्त घटना घटी है. उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
लालगंज. थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगंज -फकुली मुख्य मार्ग के मलंग चौक के पास बाइक एवं बोलेरो की आमने सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया. जिसे ग्रामीणों के सहयोग से लालगंज के निजी क्लिनिक में भरती किया गया. उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया. युवक की पहचान करताहां थाना क्षेत्र के चन्दवारा गांव निवासी अरूण कुमार सिंह के पुत्र नवल कुमार के रूप में की गयी है.
जिसका लालगंज बाजार में दवा की अपनी दुकान है. जानकारी के अनुसार विकास अपनी दुकान बंद कर दोपहर बारह बजे के करीब बाइक से मुजफ्फरपुर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बेलेरो ने उसे धक्का मार दिया. वहीं घटना के बाद बोलेरो चालक बोलेरो ले कर भाग निकला.
