हाजीपुर : अति साधारण परिवार से आने वाली संगीता कुमारी के नगर परिषद अध्यक्ष चुने जाने पर परिवार ही नहीं, मोहल्ले के लोग भी गदगद हैं. नगर के हथसारगंज स्थित आवास पर खुशी का माहौल है. बधाई देने के लिए मोहल्लेवासियों का तांता लगा है.
संगीता की सास सुरतिया देवी की खुशी का ठिकाना नहीं हैं. बहु की तारीफ करती हुई कहती हैं कि बहू बनकर जब से घर में आयी, हमारे दुख दूर होते चले गये. बुआ संजू देवी कहती हैं कि हमें शुरू से ही लगता था कि यह बिटिया बहुत आगे तक जायेगी. वर्ष 2015 में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय से अंग्रेजी से एमए की डिग्री हासिल करने वाली संगीता कुमारी बचपन से ही पढ़ने-लिखने में तेज रही है. पति रामू कुमार सहनी स्नातक हैं और सामाजिक कार्यकर्ता हैं. लगभग 12 साल पहले इनकी शादी हुई थी. इनके दो बच्चे हैं. पहला पुत्र रुद्र प्रताप लगभग चार साल का है, जो स्थानीय नींव स्कूल का विद्यार्थी है. दूसरा बेटा एकलव्य निषाद करीब दो साल का है. विकास मित्र के रूप में काम करने वाली संगीता ने नगर पर्षद का चुनाव लड़ने के लिए बीते अप्रैल महीने में इस पद से इस्तीफा दे दिया था.
नगर के वार्ड नंबर दो से चुनाव लड़ी और पार्षद चुनी गयीं. चुनाव के बाद जब अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद के लिए दो परस्पर गुटों की लामबंदी शुरू हुई, तो नगर परिषद की पूर्व सभापति रमा निषाद के गुट में संगीता को अध्यक्ष पद का दावेदार बनाया गया. दूसरी ओर पूर्व उप सभापति निकेत कुमार सिन्हा के गुट ने इस पद के लिए वार्ड 24 से पार्षद चुनी गयीं सुचित्रा चौधरी का नाम आगे किया. शुक्रवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में बहुमत के लिए 20 के आंकड़े को पार करते हुए संगीता कुमारी ने 25 और रमा निषाद ने 24 वोट प्राप्त कर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाया.
