रंग लायी रणनीति, भाजपा खुश

कामयाबी. विधायक अवधेश सिंह चुनाव रणनीति के थे सूत्रधार हाजीपुर : नगर पर्षद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुरसी पर संगीता कुमारी और रमा निषाद के काबिज होने से भाजपा खेमे में काफी खुशी देखी गयी. भाजपा के मुजफ्फरपुर से सांसद अजय निषाद और पार्टी के स्थानीय विधायक अवधेश सिंह इस चुनावी रणनीति के सूत्रधार […]

कामयाबी. विधायक अवधेश सिंह चुनाव रणनीति के थे सूत्रधार
हाजीपुर : नगर पर्षद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुरसी पर संगीता कुमारी और रमा निषाद के काबिज होने से भाजपा खेमे में काफी खुशी देखी गयी. भाजपा के मुजफ्फरपुर से सांसद अजय निषाद और पार्टी के स्थानीय विधायक अवधेश सिंह इस चुनावी रणनीति के सूत्रधार बने थे.
मालूम हो कि बीते 23 मई को नगर परिषद का चुनाव परिणाम घोषित होते ही नयी नगर सरकार के गठन को लेकर दो गुटों की सक्रियता तेज हो गयी थी.
एक गुट के केन्द्र में नगर परिषद की पूर्व सभापति रमा निषाद थी, जो इस बार के चुनाव में नगर के वार्ड नंबर एक से निर्विरोध चुनी गयी हैं. जबकि दूसरे गुट का नेतृत्व कर रहे थे नगर पर्षद के निवर्तमान उपसभापति निकेत कुमार सिन्हा, जो इस बार के चुनाव में वार्ड नंबर 19 से पार्षद चुने गये हैं. अपना-अपना बोर्ड बनाने के लिए दोनों गुट बहुमत की जुगाड़ में लगा रहा. बीते एक पखवारे के दौरान दोनों गुट पार्षदों को लेकर देश-प्रदेश की सैर करते रहे.
श्रीमती निषाद के नेतृत्व वाले गुट के लिए बहुमत जुटाने के जुगाड़ में सांसद, विधायक समेत भाजपा के कई प्रमुख नेता सक्रिय रहे. वहीं, दूसरे गुट के लिए किसी राजनीतिक पार्टी के नेता खुल कर सक्रिय तो नहीं दिखे, लेकिन माना जा रहा है कि जदयू, राजद जैसे दलों के नेताओं की हमदर्दी इस गुट के साथ थी. निषाद गुट के रणनीतिकार बहुमत जुटाने के लिए दलित-पिछड़ा समीकरण की धुरी पर नये पार्षदों को एकजुट करने में लगे थे.
जानकारों की मानें तो इस समीकरण के आधार पर बनायी गयी रणनीति रंग लायी और यह खेमा बहुमत से ज्यादा ही संख्या जुटाने में सफल रहा.
पार्षदों की खरीद-फरोख्त की भी रही चर्चा : अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुरसी पर काबिज होने के लिए दोनों परस्पर गुटों द्वारा तकरीबन 15 दिनों तक चली जोर आजमाइश के बीच वार्ड पार्षदों की खरीद-फरोख्त की चर्चा भी बाजार में होती रही. कही-सुनी गयी बातों पर गौर करें, तो अपने पक्ष में पार्षदों को लाने के लिए तीन से पांच लाख रुपये तक की बोली लगायी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >