आक्रोश . केंद्र सरकार के खिलाफ युवा राजद का एक दिवसीय धरना
बिदुपुर : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लोकसभा चुनाव से पूर्व किये गये एक भी वादे को पूरा नहीं किये जाने एवं तीन साल बीत जाने के बाद भी युवाओं को रोजगार मुहैया नहीं कराये जाने की बात युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने कहीं. इसके विरोध में युवा राजद के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जंदाहा प्रखंड मुख्यालय पर युवा राजद एवं राजद कार्यकर्ताओं द्वारा एक दिवसीय धरना दिया गया. अध्यक्षता युवा राजद के प्रखंड अध्यक्ष रणवीर कुमार राम ने की. कार्यक्रम में राजद प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य विजय यादव, राजद प्रखण्ड अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, प्रेम यादव, जीतेन्द्र यादव, फिरोज आलम खान, राजू खलीफा,
अजय यादव, शिव प्रसाद राम समेत अन्य उपस्थित थे. प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकसभा चुनाव से पूर्व देश की जनता एवं खासकर युवा वर्ग को प्रतिवर्ष दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनते ही सभी नयी नियुक्तियाें पर एक वर्ष के लिए रोक लगा दी गयी.
महुआ संवाददाता के अनुसार प्रखंड कार्यालय परिसर में युवा राजद के कार्यकर्ताओं द्वारा एक दिवसीय धरना का दिया गया. कार्यकर्ताओ ने केंद्र सरकार की गलत नीतियों एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की. युवा राजद के प्रदेश सचिव रामाशंकर यादव ने कहा कि पीएम मोदी जुमलेबाज हैं. तीन साल बीतने के बाद भी सरकार वादा पूरा नहीं कर रही, जिसके कारण देश में बेरोजगारी चरम पर है.
महनार संवाददाता के अनुसार केंद्र सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में हर मोर्चे पर विफलता का आरोप लगाते हुए महनार युवा राजद द्वारा प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया. अध्यक्षता नगर अध्यक्ष रमेश कुमार राय ने व संचालन अशोक कुमार राय बब्बु ने किया. धरना में आठ सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम प्रखंड कार्यालय को सौंपा. धरना में जवाहर साह, मनोज कुमार राय, दिनेश कुमार राय, मेघनाथ राय, समेत अन्य शामिल थे.
वैशाली संवाददाता के अनुसार प्रखंड युवा राजद द्वारा प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना का आयोजन प्रखंड युवा राजद अध्यक्ष भगीरथ राय के नेतृत्व में किया गया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के गठन की भी बात कही थी, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई पहल नहीं की गयी. युवा राजद अध्यक्ष द्वारा बीडीओ को एक ज्ञापन सौंपा गया.
