-डीएम को सौंपा ज्ञापन सुपौल. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के समाधान की मांग उठाई गई. ज्ञापन में बताया गया कि सदर प्रखंड अंतर्गत कई पंचायतों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है. खासकर बलहा, परसरमा-परसोनी, एकमा, बेरो, गोठ बरूआरी, बरूआरी और सखपुर सोलहनी पंचायत के गांवों में नेटवर्क ठीक से काम नहीं कर रहा है. जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि ग्रामीण उपभोक्ता हर महीने भारी-भरकम राशि खर्च कर मोबाइल रिचार्ज करवाते हैं. बावजूद इसके उन्हें न तो सही ढंग से कॉलिंग सुविधा मिल रही है और न ही इंटरनेट सेवाएं सुचारू रूप से चल पा रही है. नेटवर्क की कमी के कारण लोगों को जरूरी काम के लिए गांव से बाहर जाकर फोन करना पड़ता है. उन्होंने यह भी कहा कि इस समस्या का सबसे अधिक असर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ रहा है, जो समय पर अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पाते हैं.
ध्वस्त मोबाइल नेटवर्क के विरोध में युवा कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
डीएम को सौंपा ज्ञापन
