वीरपुर (सुपौल) : वीरपुर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 09 स्थित बहुप्रतीक्षित मानसरोवर झील अब जल्द ही आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है. इसे लेकर काम में तेजी लायी गयी है. लक्ष्य है कि दशहरा की पहली पूजा से झील का शुभारंभ कर दिया जाए. इसके साथ ही झील में बोटिंग की सुविधा शुरू करने की भी तैयारी चल रही है.
विधायक ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
पूर्व मंत्री सह छातापुर भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने मानसरोवर झील का निरीक्षण किया. इस दौरान वीरपुर एसडीओ विनय कुमार, डीएफओ आतीश कुमार और वन विभाग के कर्मियों के साथ उन्होंने झील परिसर का जायजा लिया.
विधायक ने झील के चारों ओर घूमकर अब तक हुए निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की स्थिति देखी. उन्होंने अधिकारियों से बचे हुए कार्यों की जानकारी ली और उन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
एक माह में शुरू करने का लक्ष्य
विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि मानसरोवर झील के निर्माण और विकास में काफी समय लगा है. अभी कुछ छोटे-मोटे काम बाकी हैं, जिन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि एक माह के अंदर झील को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है और दशहरा की पहली पूजा से आम लोगों के लिए इसे खोलने की तैयारी है.
उन्होंने कहा कि झील में जल्द बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. झील शुरू होने के बाद भी यहां विकास और सौंदर्यीकरण के काम लगातार जारी रहेंगे.
नेपाल से भी पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना
विधायक ने कहा कि मानसरोवर झील को आने वाले समय में एक बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है. ऐसी सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वीरपुर और आसपास के लोग ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल से भी पर्यटक यहां पहुंचें और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें.
उन्होंने कहा कि वीरपुर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक शहर के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं. मानसरोवर झील के विकसित होने से वीरपुर को पर्यटन के नक्शे पर नयी पहचान मिलने की उम्मीद है.
पर्यटन के साथ रोजगार की भी उम्मीद
मानसरोवर झील के शुरू होने से लोगों को मनोरंजन का नया विकल्प मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है. इसके जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर भी पैदा हो सकते हैं.
निरीक्षण के दौरान रेंजर अजय कुमार, फॉरेस्टर रविरंजन, वनकर्मी चंदन कुमार समेत विधायक के साथ आये कार्यकर्ता और वन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे.
