कटैया-निर्मली (सुपौल). पिपरा थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत स्थित जीवछपुर गांव में शुक्रवार को पानी से भरे गड्ढे में 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. वहीं, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान वार्ड नंबर 4 निवासी स्वर्गीय छेदन पासवान के 19 वर्षीय पुत्र संतोष पासवान के रूप में हुई है. घटना के बाद युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं.
संत बाबा का नाम लेकर घर से निकला था युवक
परिजनों के अनुसार संतोष पासवान गुरुवार की शाम करीब चार बजे घर से निकला था. घर से निकलते समय उसने परिजनों से कहा था कि संत बाबा ने उसे बुलाया है. इसके बाद वह घर से चला गया, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा.
काफी देर होने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गये. आसपास के इलाकों में खोजबीन की गयी, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
राहगीरों की नजर पानी भरे गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी
शुक्रवार को करीब एक बजे संत बाबा स्थान के समीप से गुजर रहे राहगीरों की नजर पानी से भरे एक गड्ढे में पड़े युवक के शव पर पड़ी. इसकी सूचना तत्काल स्थानीय लोगों को दी गयी. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी.
शव की पहचान संतोष पासवान के रूप में होने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गयी. इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया गया.
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली. हालांकि, संतोष पानी भरे गड्ढे तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा मौत का कारण
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा गया था. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार समुचित कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही संतोष पासवान की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.
