बस की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत

प्रतापगंज के बांस चौक के पास हुआ हादसा, बस जब्त

– प्रतापगंज के बांस चौक के पास हुआ हादसा, बस जब्त राघोपुर. प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 47 पर स्थित बांस चौक के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से सड़क पार कर रही एक अज्ञात महिला की मौत हो गई. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे हाईवे गश्ती पुलिस की मदद से रेफरल अस्पताल राघोपुर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही हाईवे गश्ती दल मौके पर पहुंचा और तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया. रेफरल अस्पताल राघोपुर के चिकित्सक डॉ निलेश प्रधान ने बताया कि महिला को जब लाया गया, तब उसकी हालत अत्यंत गंभीर थी और प्राथमिक उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया. पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. घटनास्थल से एक पर्स बरामद हुआ है, जिसमें कुछ नकद राशि और एक आभूषण दुकान की रसीद मिली है. उस रसीद पर राजेश कुमार नाम अंकित है, जिसे सुराग के रूप में लेकर पुलिस महिला की पहचान की कोशिश कर रही है. प्रतापगंज थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि हादसे के बाद बस को जब्त कर थाने लाया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >