Population Stability Fortnight 2026: सुपौल से विकास कुमार की रिपोर्ट. सुपौल जिले में मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ सदर अस्पताल से किया गया.
11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा छोटे और स्वस्थ परिवार की अवधारणा को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी दी, जबकि एएनएम स्कूल की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश भी दिया.
सदर अस्पताल से हुई अभियान की शुरुआत
सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहेब झा ने की. दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां विशेषज्ञों ने लोगों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें उपलब्ध सेवाओं और विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी.
31 जुलाई तक जिलेभर में चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा. इस दौरान सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से परिवार नियोजन सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा और अधिक से अधिक दंपतियों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा.
परिवार नियोजन से बेहतर होता है मां और बच्चे का स्वास्थ्य
सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहेब झा ने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं है, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण आधार है. उन्होंने कहा कि बच्चों के जन्म में उचित अंतराल रखने और छोटे परिवार की अवधारणा अपनाने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है और परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है.
Population Stability Fortnight 2026: नुक्कड़ नाटक और प्रश्नोत्तरी से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान एएनएम स्कूल की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर परिवार नियोजन का संदेश दिया. वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से उपस्थित लोगों की जानकारी बढ़ाने का प्रयास किया गया. इस आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील भी की.
सरकारी अस्पतालों में मिलेगी परिवार नियोजन की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), अनुमंडलीय अस्पताल और सदर अस्पताल में महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इच्छुक लाभार्थी अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता या एएनएम से संपर्क कर इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं.
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सह जिला योजना समन्वयक बालकृष्ण चौधरी, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी शशि भूषण प्रसाद, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक अभिषेक कुमार, अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद, परामर्शी उजाला सिंह, पिरामल फाउंडेशन के जिला प्रतिनिधि चंदन कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
