अगलगी में सात घर जले, घरेलू सामान भी नष्ट

पीड़ितों में श्याम सुंदर सिंह, प्रकाश सिंह, लल्लू सिंह, नीरज सिंह और राज कुमार सिंह शामिल हैं

राघोपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर दौलत पंचायत के भगता टोला, वार्ड नंबर 11 में मंगलवार की रात भीषण अगलगी की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि घर के पास रखे राख से उठी चिंगारी ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया. तेज हवा और सूखे सामान के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे देखते ही देखते पांच परिवारों के सात घर जलकर पूरी तरह राख हो गए. इस अगलगी की घटना में पीड़ित परिवारों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा. घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी दस्तावेज सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. पीड़ितों में श्याम सुंदर सिंह, प्रकाश सिंह, लल्लू सिंह, नीरज सिंह और राज कुमार सिंह शामिल हैं. पीड़ितों ने बताया कि सभी लोग रात के समय अपने-अपने घरों में सोए हुए थे. अचानक आग की लपटें उठती देख पूरे टोले में अफरा-तफरी मच गई. आग की भयावहता को देखते हुए लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बाल्टी और अन्य बर्तनों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद बस्ती के अन्य घरों को बचा लिया गया, लेकिन तब तक सात घर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे. ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने के करीब एक घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग भारी नुकसान कर चुकी थी. पीड़ितों एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें आपदा राहत के तहत शीघ्र मुआवजा, भोजन, कपड़े एवं अस्थायी आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >