-छह पंचायतों को किया गया चिह्नित सरायगढ़. प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शनिवार को बाढ़ से पूर्व तैयारियों की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख विजय कुमार यादव ने की, जबकि समीक्षा की जिम्मेदारी अंचल अधिकारी (सीओ) धीरज कुमार ने निभाई. बैठक में पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी शामिल हुए. सीओ धीरज कुमार ने बताया कि संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए ऊंचे स्थानों, टीलों और बाढ़ आश्रय स्थलों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके. इस मौके पर बीडीओ अच्युतानंद, राजस्व अधिकारी राकेश रंजन, थानाध्यक्ष संजय दास, मनरेगा पीओ बसंत कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल, बीसीओ शिव शंकर पंडित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी, मुखिया विजय कुमार यादव, सरस्वती देवी, सुरेश प्रसाद सिंह, महारानी देवी, मनोज यादव, श्याम कुमार यादव, सुखदेव पंडित, गणेश राम और भाजपा नेता विजय कुमार सिंह भी बैठक में उपस्थित थे. बचाव व राहत के लिए व्यापक प्रबंध सीओ ने बताया कि बाढ़ की स्थिति में जानमाल की हानि को रोकने के लिए नावों का पर्याप्त संख्या में निबंधन कराया जाएगा. साथ ही, बाढ़ प्रभावित परिवारों को पॉलीथिन शीट और सूखा राशन वितरित किया जाएगा. सामुदायिक रसोई केंद्रों के माध्यम से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी. राहत राशि के सुचारू वितरण के लिए सीओ ने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराना अनिवार्य होगा, जिसके लिए पंचायत प्रतिनिधि सक्रिय सहयोग करेंगे. आपदा प्रबंधन दल तैयार प्रशिक्षित आपदा मित्र, गोताखोर और जिला आपदा मास्टर ट्रेनर को भी राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया जाएगा. जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को तटबंधों के कमजोर बिंदुओं की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. सीओ ने जानकारी दी कि कुल छह पंचायतें बाढ़ से प्रभावित होती हैं, जिनमें ढोली और बनैनिया पूर्ण रूप से, जबकि लौकहा, भपटियाही, सरायगढ़ और चांदपीपर आंशिक रूप से प्रभावित क्षेत्र में आते हैं. इन सभी क्षेत्रों में पूर्व से ही तैयारी पूरी कर ली गई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
