पंचायत समिति की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, अतिक्रमण सहित कई मुद्दों पर अधिकारियों से किया सवाल जवाब

प्रमुख कंचन देवी की अनुपस्थिति में बैठक का संचालन उप प्रमुख बबलू चौधरी ने की

पिपरा. प्रखंड कार्यालय स्थित टीसीपी भवन में शनिवार को पंचायत समिति की बैठक शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई. प्रमुख कंचन देवी की अनुपस्थिति में बैठक का संचालन उप प्रमुख बबलू चौधरी ने की. अन्य कार्यवाही बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र पंडित ने की. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के दौरान पंचायत समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. कई सदस्यों ने पंचायत सरकार भवन नियमित रूप से नहीं खुलने की समस्या को बीडीओ के समक्ष रखते हुए इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की. सदस्यों का कहना था कि पंचायत सरकार भवन बंद रहने से आम लोगों को योजनाओं और सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है. इसके अलावा बैठक में सड़क अतिक्रमण का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया. सदस्यों ने कहा कि कई जगहों पर सड़कों पर अतिक्रमण होने से आवागमन बाधित हो रहा है. दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ रही है. उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. बैठक में कुछ सदस्यों ने विवाह भवन के लिए उपयुक्त स्थल चयन को लेकर भी चर्चा की. उनका कहना था कि क्षेत्र में एक सार्वजनिक विवाह भवन बनने से आम लोगों को सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में काफी सुविधा मिलेगी. सदस्यों ने कुछ पदाधिकारियों के कार्यशैली पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की मांग की. उन्होंने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया. बैठक में अंचलाधिकारी उमा कुमारी, थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा,पंचायती राज पदाधिकारी मणिकांत कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार चंद्रा, प्रमुख प्रतिनिधि निशांत कुमार, कारी यादव सहित कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा भी की गई व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >