सिमराही बाजार में एनएच पर जाम से लोग परेशान

अस्थायी फुटकर विक्रेता व सड़क पर ही वाहनों की पार्किंग जाम की मुख्य वजह

– अस्थायी फुटकर विक्रेता व सड़क पर ही वाहनों की पार्किंग जाम की मुख्य वजह राघोपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में एनएच 27 और एनएच 131 के चौराहे पर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. यहां अक्सर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. शुक्रवार को भी कमोबेश यही नजारा दिनभर देखने को मिला, जहां करीब चार से पांच घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे. सिमराही बाजार के जेपी चौक होकर छह प्रमुख मार्ग गुजरते हैं. इनमें एनएच 27 (पोरबंदर से सिलचर) और एनएच 131 (वीरपुर से बिहपुर) मुख्य मार्ग हैं. इसके अलावा सिमराही से अस्पताल होते हुए सिमरी रिंग बांध व सिमराही मेन चौक से पिपराही होते हुए राघोपुर नहर होकर त्रिवेणीगंज एवं प्रतापगंज को जाने वाली सड़कों का भी यही संगम है. इतनी व्यस्तता के बावजूद यहां ट्रैफिक पुलिस या सुव्यवस्थित यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं है, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस चौराहे पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं. खासकर मंगलवार और शुक्रवार को सिमराही गोल बाजार में लगने वाले हाट और गुदरी के दौरान जाम की समस्या और विकराल रूप ले लेती है. एनएच 27 किनारे अस्थायी कपड़ा बाजार लगना और सड़क पर ही वाहनों की पार्किंग जाम की मुख्य वजह बनती है. दुर्गा मंदिर और हाट के आसपास करीब 100 मीटर तक सड़क बाइपास जैसी स्थिति में बदल जाती है. इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने के जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है. लोगों ने कहा कि जल्द से जल्द प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके और आम जनजीवन सुचारू रूप से चल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >