– दोपहर होते-होते सुनी पड़ जाती हैं सड़कें जदिया. इलाके में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. तेज धूप, भीषण गर्मी और उमस ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. सुबह होते ही सूरज के तीखे तेवर लोगों को झुलसाने लगते है. दोपहर होते-होते सड़कें सुनी पड़ जाती हैं. गर्म हवाओं के थपेड़ों और चिलचिलाती धूप के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं. पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. दोपहर के समय हालात ऐसे हो जाते हैं कि लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते हैं. बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ काफी कम नजर आ रही है. राहगीर भी धूप से बचने के लिए छांव की तलाश करते दिखते हैं. वहीं खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूरों को भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है. गर्मी और उमस के कारण लोगों का पसीना थमने का नाम नहीं ले रहा है. शरीर में पानी की कमी महसूस होने से लोग बार-बार पानी, नींबू पानी, शरबत और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं. इसका सीधा असर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है. दुकानदारों के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम, बर्फ और फलों के जूस की मांग में अचानक काफी बढ़ोतरी हुई है. पिछले कुछ दिनों में इन उत्पादों की बिक्री में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है, जिससे दुकानदारों को भी राहत मिली है. स्कूली बच्चे परेशान गर्मी का असर स्कूली बच्चों पर भी साफ दिखाई दे रहा है. सुबह के समय बच्चे किसी तरह स्कूल पहुंच जाते हैं, लेकिन छुट्टी के समय तेज धूप और गर्म हवा के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बच्चों की सेहत को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है. कई अभिभावक बच्चों को धूप से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की भीषण गर्मी में लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है. तेज धूप में अधिक देर तक रहने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, सिरदर्द, चक्कर और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासकर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, धूप में निकलने से बचें और हल्के सूती कपड़े पहनें. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है. आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है. ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और खुद को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी एहतियात बरतें.
भीषण गर्मी से लोग बेहाल, तेज धूप व उमस ने बढ़ाई परेशानी, जनजीवन प्रभावित
दोपहर होते-होते सुनी पड़ जाती हैं सड़कें
