राघोपुर. थाना क्षेत्र के गणपतगंज वार्ड नंबर 03 में गुरुवार की रात चोरों ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणपतगंज के सेवानिवृत्त कर्मचारी ददन लाल के घर की दीवार व खिड़की का ग्रिल काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है. जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी ददन लाल अपने परिवार के साथ 25 अप्रैल को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर बंद कर बाहर गए हुए थे. शुक्रवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर अव्यवस्था देखकर चोरी की आशंका हुई. मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण परिजनों ने पड़ोसी की छत के सहारे घर में प्रवेश किया. अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए खिड़की का ग्रिल टूटा हुआ था, दोनों गोदरेज अलमारी के ताले टूटे पड़े थे और पूरे घर में सामान बिखरा हुआ था. गृहस्वामी के अनुसार, चोरों ने सोने के सोने व चांदी के करीब पांच से छह लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए. इसके अलावा लगभग तीन लाख रुपये नकद भी ले गए. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सुने घर से छह लाख के जेवरात व तीन लाख नकदी की चोरी
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी
