बालिकाओं की सेहत पर फोकस: एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज करने के निर्देश

बैठक में चिकित्सा प्रभारी डॉ आनंद कुमार सिंह ने सर्वाइकल कैंसर के खतरे और उसके बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी

प्रतापगंज. प्रखंड कार्यालय वेश्म में शुक्रवार को बच्चेदानी (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने की, जिसमें स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में चिकित्सा प्रभारी डॉ आनंद कुमार सिंह ने सर्वाइकल कैंसर के खतरे और उसके बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसका मुख्य कारण ह्यूमन पेपिलोमा वायरस है. इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय माना जाता है. डॉ सिंह ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 28 फरवरी 2026 से 14 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की खुराक दी जा रही है. चूंकि इस आयु वर्ग की अधिकांश बालिकाएं विद्यालयों में पढ़ती हैं, इसलिए स्कूल स्तर पर टीकाकरण अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने आगे जानकारी दी कि मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षा योजना के तहत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की उन बालिकाओं को दूसरी खुराक दी जानी है, जिन्हें पहले ही पहली डोज दी जा चुकी है. इसके लिए विद्यालयों के सहयोग से अभियान को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई है. बैठक में बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने निर्देश दिया कि सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ मदरसों के माध्यम से भी बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए. उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ाकर ही इस अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. इस बैठक में प्रभारी बीईओ सीतेश झा, बीएचएम सुजीत कुमार, पंकज, बीसीएम प्रफुल्ल कुमार प्रियदर्शी तथा सीडीपीओ प्रतिनिधि सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >