बनैलीपट्टी में 1000 लोगों की तिरंगा यात्रा, 150 प्रतिभाओं का सम्मान, डीएम ने किया पौधरोपण

बनैलीपट्टी पंचायत सरकार भवन में विशाल कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें जिलाधिकारी सावन कुमार ने 150 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया. डीएम के नेतृत्व में निकली 1000 लोगों की तिरंगा यात्रा ने देशभक्ति का संदेश दिया.

वीरपुर (सुपौल). बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत बनैलीपट्टी पंचायत सरकार भवन में शुक्रवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की. उद्घाटन डीएम सावन कुमार, एसपी शरथ आरएस, एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा और थानाध्यक्ष संजय दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम के बाद डीएम के नेतृत्व में करीब एक किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग 1000 लोग शामिल हुए.

तिरंगे के रंग में रंगा बनैलीपट्टी

कार्यक्रम स्थल पर बच्चों और शिक्षकों के साथ अधिकारियों एवं पदाधिकारियों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था. यहां लोगों ने तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाकर हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया. डीएम सावन कुमार ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर स्कूली बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ भारत माता की जय के नारे लगाए.

वंदे मातरम् और जन गण मन से शुरू हुआ कार्यक्रम

पंचायत सरकार भवन की ऊपरी मंजिल पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई. इसके बाद जन गण मन का सामूहिक गायन किया गया. स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों, अधिकारियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला.

150 लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 150 लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. अधिकारियों के अनुसार उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर बेहतर कार्य करने वालों का उत्साह बढ़ाना और अन्य लोगों को भी प्रेरित करना है. कई लाभुकों को चेक भी प्रदान किए गए.

डीएम के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा

सम्मान समारोह के बाद डीएम सावन कुमार की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई. करीब एक किलोमीटर तक चली यात्रा में लगभग 1000 लोग शामिल हुए. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले बच्चों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने देशभक्ति का संदेश दिया. यात्रा के दौरान पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा.

डीएम-एसपी ने किया पौधरोपण

तिरंगा यात्रा के बाद डीएम सावन कुमार और एसपी शरथ आरएस ने संयुक्त रूप से पांच पौधे लगाए. अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण को विकास के साथ जोड़ते हुए ग्रामीणों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की.

फोटो- प्रमाण पत्र वितरण करते डीएम

सुपौल में 30 गांव वाइब्रेंट विलेज के लिए चिन्हित

बनैलीपट्टी कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू वाइब्रेंट विलेज योजना भी रहा. जिले में इस योजना के तहत कुल 30 गांव चिन्हित किए गए हैं. इनमें 27 राजस्व गांव बसंतपुर प्रखंड में हैं. इन 27 गांवों में सात राजस्व गांव बनैलीपट्टी पंचायत के अंतर्गत आते हैं.

तीन करोड़ रुपये से विकसित होंगे बनैलीपट्टी के गांव

प्रशासन के अनुसार बनैलीपट्टी पंचायत के चिन्हित गांवों को करीब तीन करोड़ रुपये की राशि से विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वाइब्रेंट विलेज योजना का उद्देश्य ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करना है, ताकि जिन इलाकों तक विकास योजनाओं की पहुंच में पहले अधिक समय लगता था, वहां बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंचाई जा सकें.

'वाइब्रेंट विलेज बनैलीपट्टी में पहली तिरंगा यात्रा'

डीएम सावन कुमार ने बताया कि सुपौल जिले के पहले वाइब्रेंट विलेज बनैलीपट्टी में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कई लाभुकों को चेक दिए गए और बेहतर कार्य करने वाले 150 लोगों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विकास योजनाओं के साथ ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक भागीदारी की भावना भी मजबूत होती है.

अधिकारी, शिक्षक और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, कल्याण सह शिक्षा पदाधिकारी बजरंग प्रताप सिंह, कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन चौधरी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अमित कुमार, पंचायत की मुखिया सुशीला देवी, पंचायत सचिव सुभाष मणि सहित बनैलीपट्टी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >