पुरानी रंजिश में डीलर पर हमला, नकदी सहित सोने की अंगूठी लूटा

घायल के भाई जितेन्द्र यादव ने मरौना थाने में शिकायत दर्ज कराई है

निर्मली. मरौना थाना क्षेत्र के मंगासिहौल वार्ड संख्या 12 में रविवार को पुरानी रंजिश के चलते एक डीलर महेन्द्र यादव पर जानलेवा हमला किया गया. कुआटोल वार्ड संख्या 12 निवासी महेन्द्र यादव मंगासिहौल से रुपये लेकर लौट रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने सड़क पर घेरकर उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान, महेन्द्र यादव के पास से 01 लाख 80 हजार की नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली गई. परिजनों ने बताया कि हमलावरों ने महेन्द्र यादव के हाथ-पैर तोड़े और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया. घायल महेन्द्र यादव को गंभीर अवस्था में मरौना पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया. घायल के भाई जितेन्द्र यादव ने मरौना थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि गांव के ही कुछ लोगों ने पहले से घात लगाये थे. जैसे ही महेन्द्र यादव सड़क पर पहुंचे, हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की फरसा, टेंगाड़ी और बंदूक के कुंदे से हमला किया. हमले में महेन्द्र यादव गंभीर रूप से घायल हुए. इस बीच, हमलावरों ने घटना स्थल से भागते समय देसी कट्टे से फायरिंग की, जिससे घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण भयभीत हो गए और तितर-बितर हो गए. थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और छानबीन जारी है. पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास तेज कर दिए हैं. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >