निर्मली. नदी थाना क्षेत्र से लापता 10 वर्षीय बालक का शव किशनपुर थाना क्षेत्र के कोसी पलार इलाके से सोमवार देर शाम बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नदी थाना क्षेत्र के कदमहा पंचायत निवासी रणवीर पंडित के करीब 10 वर्षीय पुत्र राम कृष्ण पंडित के रूप में हुई है, जो नदी थाना क्षेत्र के कदमहा पंचायत वार्ड संख्या 7 से लापता था. परिजनों के अनुसार, शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद राम कृष्ण पास के आम बगीचे में खेल रहा था. जहां मिट्टी भराई के दौरान ट्रैक्टरों का आवागमन हो रहा था. आरोप है कि इसी दौरान एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. चालक ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गायब कर दिया. घटना स्थल पर खून के धब्बे मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया था. पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर निर्मली व मरौना समेत कई थानों की पुलिस टीम जांच में जुटी थी. शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है. शव बरामद नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर पुलिस को दो घंटे तक रोके रखा था. एसडीपीओ राजू रंजन कुमार के हस्तक्षेप से स्थिति शांत हुई. सोमवार को शव मिलने के बाद थानाध्यक्ष शिशुपाल रविदास ने पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमॉर्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लापता बालक का मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
घटना स्थल पर खून के धब्बे मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया था
