पार्षदों ने अधूरे कार्यों पर जतायी नाराजगी, बारिश से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

नगर पंचायत वीरपुर के सभागार में सोमवार को सामान्य बोर्ड की बैठक की गयी. इसकी अध्यक्षता मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने की. बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में नल-जल योजना और अधूरे विकास कार्यों को लेकर पार्षदों ने जमकर नाराजगी जतायी

वीरपुर नगर पंचायत बोर्ड बैठक में गूंजा नल-जल और विकास कार्यों का मुद्दा

वीरपुर

नगर पंचायत वीरपुर के सभागार में सोमवार को सामान्य बोर्ड की बैठक की गयी. इसकी अध्यक्षता मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने की. बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में नल-जल योजना और अधूरे विकास कार्यों को लेकर पार्षदों ने जमकर नाराजगी जतायी. ध्वनि मत से पार्षदों ने कहा कि कई योजनाएं अब तक अधूरी है. जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वार्ड संख्या 03 के पार्षद आलोक कुमार ने कहा कि बारिश का मौसम नजदीक है. लेकिन अब तक जरूरी व्यवस्थाएं पूरी नहीं की गई है. उन्होंने मांग की कि जिन एजेंसियों को कार्य दिया गया और जिन्होंने समय पर काम पूरा नहीं किया. उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाये. उन्होंने चिल्ड्रेन पार्क में प्रस्तावित हाई मास्क लाइट अब तक नहीं लगाये जाने पर भी नाराजगी जताई. वहीं वार्ड संख्या-09 के पार्षद रिंकू गुप्ता ने नगर में नल-जल योजना की स्थिति को “बद से बदतर” बताते हुए कहा कि अधिकांश घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है.

एक हजार रुपये में ठगा महसूस कर रहे पार्षद

वार्ड संख्या-07 के पार्षद तनवीर आलम और वार्ड संख्या-11 की पार्षद जाहिदा परवीन ने संयुक्त रूप से कहा कि वार्ड पार्षदों की स्थिति अच्छी नहीं है. उन्होंने कहा कि मात्र एक हजार रुपये मासिक मानदेय में वे खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं. यह राशि भी पिछले चार वर्षों से नहीं मिली है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद मालामाल हो गये हैं. जबकि वार्ड पार्षद उपेक्षित हैं.

नगर विकास को लेकर लिए गए कई अहम निर्णय

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की संपुष्टि के साथ हुई. इसके बाद नगर क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए एक नई पानी टंकी निर्माण का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. इसके अलावा वार्ड संख्या-12 स्थित कारगिल दुर्गा मंदिर के पास चहारदीवारी और गेट निर्माण, मंदिर गेट से पीसीसी सड़क निर्माण, वार्ड संख्या-09 में प्रकाश जैन के घर से भोगेंद्र भिंडवार के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 01 में मिट्टी भराई और ईंट सोलिंग, नगर के सभी वार्डों में स्वच्छता पर्यवेक्षक की नियुक्ति, सीसीटीवी मेंटेनेंस व्यवस्था, दैनिक मजदूरों के वेतन वृद्धि, वार्ड संख्या 13 में जलजमाव वाले स्थल पर जीएसबी डालने, चौकबंदी चौक पर यात्री शेड निर्माण, एलईडी विज्ञापन दर निर्धारण जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया.

रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर रहेगा प्रतिबंध

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पूरे नगर क्षेत्र में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। नियम का उल्लंघन करने वालों पर नगर पंचायत कानूनी कार्रवाई करेगी.

पार्षदों के बीच टैब का वितरण

पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णय के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय की ओर से सभी वार्ड पार्षदों को टैब देने की घोषणा की गई थी. सोमवार की बैठक में उपस्थित 11 पार्षदों के बीच मुख्य पार्षद एवं उपमुख्य पार्षद द्वारा टैब का वितरण किया गया. बैठक में उप मुख्य पार्षद रीमा दास, कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन, वार्ड पार्षद सुधीरा देवी, कमल सिंह, अजीत गुप्ता, रंजीत सिंह, जाहिदा परवीन, तनवीर आलम, अंजली प्रिया पटेल, संगीता देवी, कौशल्या देवी, आलोक कर्ण, साधना देवी एवं सत्यनारायण चौधरी सहित नगर पंचायत के कई कर्मी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >