विद्यालयों में एसीआर, शौचालय, किचन व बाउंड्रीवाल निर्माण को मिली गति
समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत बीएसईआइडीसी की ओर से सीएसआर मद से कराए जाने वाले असैनिक निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की गयी
सीएसआर मद से सुपौल व मरौना प्रखंड के स्कूलों में होंगे बड़े असैनिक निर्माण कार्य, डीएम ने की समीक्षा बैठक
सुपौल.
समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत बीएसईआइडीसी की ओर से सीएसआर मद से कराए जाने वाले असैनिक निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में प्रखंड सुपौल व मरौना के सभी विद्यालयों में सीएसआर मद से प्रस्तावित असैनिक निर्माण कार्यों जैसे एसीआर, शौचालय, रसोइघर (किचन) व बाउंड्रीवाल के प्राक्कलन की समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता बीएसईआइडीसी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों का प्राक्कलन तैयार कर 10 फरवरी तक जमा करना सुनिश्चित करें. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) को निर्देश दिया कि वे बीएसईआइडीसी को आवश्यक सहयोग प्रदान करें. ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जा सके. जिलाधिकारी ने कहा कि सीएसआर मद से होने वाले इन निर्माण कार्यों से विद्यालयों का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा. जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे.