नप बोर्ड की बैठक में शहर के विकास का खाका तैयार, कई प्रस्ताव को मिली मंजूरी

चेयरमैन ने उम्मीद जताई कि अगले बोर्ड बैठक में लंबित सभी विकास कार्यों को पारित कर उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा

त्रिवेणीगंज. नगर परिषद के सभागार में मंगलवार को विकासात्मक कार्यों को लेकर बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की चेयरमैन संगीता कुमारी यादव ने की. बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई. जिसमें क्षेत्र के सभी वार्ड पार्षदों ने भाग लिया. बैठक में नगर क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. विशेष रूप से लाइटिंग व्यवस्था, स्वच्छता, सीसीटीवी और आधारभूत संरचना से संबंधित मुद्दों पर पार्षदों ने अपने-अपने विचार और सुझाव रखा. वार्ड 20 के पार्षद सज्जन कुमार संत ने नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यूरिनल निर्माण, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की ओर बोर्ड का ध्यान आकृष्ट कराया. इन प्रस्तावों को बैठक में पारित करने का अनुरोध किया. बैठक के उपरांत चेयरमैन संगीता कुमारी यादव ने बताया कि बोर्ड की बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई है. उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न योजनाओं पर गंभीरता से चर्चा की गई. स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सैरात बंदोबस्ती दर को लेकर विचार-विमर्श हुआ. निर्णय लिया गया कि सैरात की दर पूर्व निर्धारित दर पर ही पुनः लागू की जाएगी. साथ ही विकास योजनाओं के लिए रिटेंडर प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि पहले की भांति स्वीकृत स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट ही नगर क्षेत्र में लगाई जाएंगी. कुल 15 हाई मास्ट लाइट लगाए जाने हैं. चेयरमैन ने उम्मीद जताई कि अगले बोर्ड बैठक में लंबित सभी विकास कार्यों को पारित कर उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा. वहीं नप के कार्यपालक पदाधिकारी ईओ राज साहिल ने जानकारी दी कि बैठक में सर्वप्रथम विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई है. उन्होंने बताया कि 635 स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए शीघ्र ही निविदा निकाली जाएगी. जिस पर बोर्ड की सहमति प्राप्त हो गई है. पूर्व बैठक में स्वीकृत 15 हाई मास्ट लाइट को भी जल्द लगवाया जाएगा. इसके अलावा थलहा गढ़िया और लतौना स्थित कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मतीकरण का कार्य नगर परिषद द्वारा कराया जाएगा. सैरात को लेकर भी जल्द नोटिफिकेशन जारी कर प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी. बैठक में पार्षद सुमन कुमार सिंह उर्फ डब्लू, महेश कुमार, अखिलेश कुमार, शिवशंकर साह, पप्पू कुमार, शोभा देवी सहित अन्य पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और विकास से जुड़े प्रस्ताव रखा. जिनके समाधान और क्रियान्वयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >