राघोपुर. थाना की पुलिस ने बहुचर्चित प्रिंस हत्याकांड में गुरुवार को एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान धरहरा वार्ड नंबर 13 निवासी अजय चौधरी के रूप में हुई. मामले की जानकारी देते थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि प्रिंस हत्याकांड कांड संख्या 277/25 में अनुसंधान के दौरान अजय चौधरी की संलिप्तता सामने आई थी. इसके बाद पुलिस ने गुरुवार की रात छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है. मालूम हो कि गत 16 जुलाई 2025 को किसनपुर थाना क्षेत्र के मधुरा निवासी युवक प्रिंस की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और शुरुआती कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया. मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपराधियों ने उसे अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था. बाद में पुलिस ने कोरियापट्टी के तिलावे धार से प्रिंस का सिर और धड़ अलग-अलग जगहों से बरामद किया. इस जघन्य हत्याकांड में कई आरोपी शामिल हैं. पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि सुपरविजन के आधार पर अन्य संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा.
चर्चित प्रिंस हत्याकांड मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
इस जघन्य हत्याकांड में कई आरोपी शामिल हैं
