तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से किशनगंज के युवक की मौत

थाना क्षेत्र के धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को एनएच 27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी.

– सड़क निर्माण कंपनी में युवक करता था काम राघोपुर. थाना क्षेत्र के धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को एनएच 27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान किशनगंज जिले के बीबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरिया किशनगंज निवासी सत्यनारायण मंडल के 25 वर्षीय पुत्र मजनू कुमार मंडल के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मजनू कुमार मंडल एनएच 27 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में पिचिंग मशीन पर उपचालक के रूप में कार्यरत था. घटना के संबंध में उसके साथी व उत्तर प्रदेश निवासी नीरज यादव ने बताया कि वह पिचिंग मशीन के चालक हैं, जबकि मजनू उनके साथ उपचालक के रूप में काम करता था. नीरज यादव ने बताया कि मजनू फरवरी माह में काम के सिलसिले में यहां आया था. सड़क निर्माण कार्य समाप्त होने के बाद वह भपटियाही थाना क्षेत्र के पिपराखुर्द गांव में अशोक साह के मकान में रह रहा था. शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मजनू बाइक से किसी निजी कार्य से सिमराही बाजार जा रहा था. इसी दौरान धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप एनएच-27 पर पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मजनू कुमार मंडल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >