बोले एसपी. होली पर तस्करों की बढ़ सकती है सक्रियता
सुपौल : होली, विधान पार्षद निर्वाचन तथा पंचायत उप चुनाव के मद्देनजर एसपी डाॅ कुमार एकले की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक रविवार को हुई. जिसमें विधि-व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया. एसपी डाॅ एकले के कहा कि पर्व तथा चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में शराब के तस्करों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है. ऐसे में पूर्ण शराबबंदी का शत प्रतिशत अनुपालन कराना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी. लेकिन अधिकारियों की सतर्कता से शराब तस्करी के कारोबार पर नियंत्रण पाया जा सकता है. पुलिस अधिकारियों को इसके लिए विशेष चौकसी बरतने की आवश्यकता है.
उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान भी बेहतर ड्यूटी के लिए पुलिस कर्मियों की सराहना की. कहा कि मैट्रिक परीक्षा में भी इसी प्रकार बेहतर पुलिसिंग की जरूरत है. एसपी ने थाना में लंबित कांडों की भी जानकारी ली तथा कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक है कि पुलिस और आम आदमी के बीच बेहतर समन्वय हो. इससे पुलिस के प्रति लोगों में विश्वास जगता है और उनका भरपूर सहयोग भी प्राप्त होता है. पर्व के मद्देनजर एसपी डाॅ एकले ने सभी संवेदनशील इलाकों को पूर्व में ही चिह्नित करने का निर्देश दिया. साथ ही उन इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा. मौके पर एएसपी शैलेश कुमार सिन्हा, सदर एसडीपीओ विद्या सागर, त्रिवेणीगंज एसडीपीओ चंद्रशेखर विद्यार्थी, निर्मली एसडीपीओ संतोष कुमार आिद मौजूद थे.
