किसनपुर : मुख्य बाजार स्थित हाट परिसर में किराना के एक थोक दुकान में सोमवार की अहले सुबह अज्ञात चोरों ने दीवार तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. इस दौरान चोरों ने दुकान में आग लगा दिया, जिससे डेढ़ लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ. दुकानदार दिनेश चौधरी ने इस घटना को पुरानी रंजिश के कारण घटित होने की आशंका जाहिर किया है.
जानकारी के अनुसार बेलही गांव निवासी दिनेश चौधरी के किराना दुकान से सोमवार की अहले सुबह धुआ निकलता देख कर स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकानदार को सूचना दी और आग के लपटों को देखकर तत्काल दुकान का दरवाजा तोड़ दिया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने काफी मसक्कत कर आग पर काबू पाया.
मौके पर पहुंचे दुकानदार ने बताया कि दुकान के गल्ला में रखे 15 सौ रुपये गायब हैं. दुकानदार ने बताया कि पूर्व रंजिश के तहत जान बूझ कर दुकान के अंदर घूस कर आग लगायी गयी है. घटना को लेकर थानाध्यक्ष चंदन कुमार व सीओ अमित कुमार लाल, मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं.
