सुपौल : योग मानव जीवन के लिये अलौकिक औषधि है, जिसे अपना कर जीवन को स्वस्थ्य व संतुलित रखा जा सकता है. ब्रह्म मुहुर्त में योग,ध्यान व आसन करने से शरीर पुष्ट होता है. साथ ही मन भी शांत रहता है. यह बातें योग प्रशिक्षक शंभू मंडल ने सोमवार को स्थानीय राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में आयोजित योग शिविर को संबोधित करते हुए कही.
केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा प्रायोजित एवं एक्यूप्रेसर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा परिषद दरभंगा द्वारा आयोजित 30 दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर का उद्घाटन शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक व सर्जन डॉ जे लाल ने किया है. शिविर के दौरान लोगों को सुबह एवं संध्या सत्र में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्य अतिथि संतोष अग्रवाल ने शिविर के आयोजन के लिये आयोजकों को धन्यवाद दिया.
उन्होंने शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुये सुबह की कक्षा को दो शिफ्टों में आयोजित करने का सुझाव दिया. योग प्रशिक्षिका रंभा सिन्हा ने प्रारंभिक आसनों का अभ्यास कराया. योग के नियमित अभ्यास से पेट की बीमारी, कमर, गर्दन व घुटने के दर्द के साथ ही स्पाउंडिलाइटिस से निजात पाया जा सकता है. शिविर को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी नलीन कुमार जायसवाल, अशोक चौधरी, ललन कुमार सिंह आदि योगदान दे रहें है.
