राघोपुर : करजाइन पुलिस ने गुरुवार को वाहन चेकिंग के क्रम में तीन शातिर अपराधियों को तीन हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये सभी अपराधी सहरसा जिला का निवासी बताया जा रहा है जो बाइक से वीरपुर से सहरसा जा रहा था. जानकारी के अनुसार करजाइन पुलिस थाना के पास वाहन चेकिंग कर रही थी. चेकिंग के क्रम में बीआर 7 जे/3300 नंबर की बाइक पर सवार तीन व्यक्ति के पास से तलाशी के दौरान तीन हथियार व जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
गिरफ्तार अपराधियों में सोनवरसा निवासी सोनू सिंह, सहरसा गौतम नगर निवासी सत्यम कुमार व हिमांशु है. थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि तीनों शातिर अपराधी है. अपराधियों के पास से नौ एमएम का एक लोडेड पिस्टल, एक रिवॉल्वर व एक थ्री नट थ्री हथियार सहित 12 जिंदा कारतूस बरामद किया गया. बरामद कारतूस में चार थ्रीनट का व अन्य नौ एमएम पिस्टल का है. अपराधियों के पास से दो मेग्जीन, तीन मोबाइल, गांजा का चिलम भी बरामद किया गया है. पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है.
