वीरपुर : बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत बनेलीपट्टी पंचायत स्थित वार्ड नंबर 13 में सोमवार की रात्री 11 बजे मुखिया उम्मीदवार जगदीश कोड़कया के समर्थक व मुखिया प्रत्याशी परीता देवी के समर्थक के बीच मारपीट हुई. मारपीट के क्रम में कोड़कया के समर्थक राजकुमार मेहता को सिर में चोट लगी है, जिससे सर फट गया. जानकारी के अनुसार पीड़ित राजकुमार का छोटा भाई विजय कुमार वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवार सूर्य प्रकाश के घर बातचीत कर रहा था.
इसी क्रम में रामू मेहता, चंदन यादव, कुंदन यादव, सुनील, वीरेंद्र राम, पवन कुमार मेहता आदि विजय को घेर कर मारपीट करने का प्रयास किया. विजय अपने को बचने के लिए सदस्य उम्मीदवार के घर छिप गया और बड़े भाई राजकुमार मेहता को मोबाइल से सारी जानकारी दी. मेहता ने उम्मीदवार कोड़कया को जानकारी दी. उधर, परिता देवी के समर्थक ने पैक्स अध्यक्ष सह उम्मीदवार पति गणेश प्रसाद यादव को जानकारी दी.
इस बीच अध्यक्ष ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ उम्मीदवार सूर्य प्रकाश के दरवाजे पर पहुंच कर श्री मेहता पर हमला बोल दिया. जिससे श्री मेहता का सिर फट गया. वीरपुर ललित नारायण चिकित्सालय में उनका उपचार किया जा रहा है. पीड़ित राजकुमार मेहता ने बताया कि 11 बजे करीब हमारा छोटा भाई अपने ही वार्ड में वार्ड सदस्य पद से उम्मीदवार सूर्य प्रकाश से बातचीत कर रहा था. इसी क्रम में राम मेहता के साथ कई लोग विजय को घेर लिया और कहा रात में तुम इस जगह क्या कर रहे हो. इसी पर मारपीट करने लगा. जिस से उनका सिर फट गया और खून बहने लगा. तब तक और भी गांव के लोग के आ जाने से हमलावर भाग खड़े हुये. जख्मी श्री मेहता द्वारा इस बाबत थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गयी है. पुलिस द्वारा मामले की छान-बीन की जा रही है.
