कुनौली : स्थानीय पंचायत के वार्ड नंबर दो में बुधवार को होली के दिन अचानक लगी आग से चार परिवार के चार घर जल गये. वहीं इस अगलगी की चपेट में आने से एक दस वर्षीया छात्रा काजल कुमारी झुलस गई. आग लगने की खबर फैलते ही आस पड़ोस के लोग एकजुट हुए.
साथ ही कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पीड़ित नरेश दास, सुरेश दास, विद्यानंद दास व कुशेश्वर दास ने बताया कि अचानक खाना पकाने के क्रम में अचानक उठी आग की चिनगारी से उनके जल गए. बताया कि हवा के झोंके के कारण आग की लपटे इतनी तेज हो गयी कि छात्रा काजल कुमारी भागने के क्रम झुलस गई. बताया कि छात्रा का उपचार स्थानीय नील मणि हॉस्पिटल में चल रहा है. बताया कि इस आगजनी में लाखों की सम्पत्ति जल गयी.
पीड़ित सुरेश दास की पत्नी गौरी देवी ने बताया कि इस अगलगी में उनके जेबर सहित कपड़ा, बर्तन, लकड़ी, साइकिल, अन्न,जल गये. स्थानीय ग्रामीण द्वारा अगलगी की जानकारी कुनौली पुलिस को दी गयी. थाना प्रभारी विनोद कुमार सदल बल पहुंच कर आग पर नियंत्रण पाने में सहयोग दिया. मामले के बाबत अंचलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि घटना का स्थलीय जांच कर पीड़त परिवारों को सरकारी सुविधा मुहैया कराया जायेगा. पीड़ित परिवारों ने घटना को लेकर स्थानीय थाना को आवेदन देकर सरकारी सुविधा उपलब्ध कराये जाने की मांग की है.
