पांच दिवसीय लोक अदालत व जागरूकता शिविर का स्थान व समय निर्धारित
सुपौल : आगामी 14 दिसंबर से बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के आलोक में उच्च न्यायालय पटना से चलंत लोक अदालत व विधिक सेवा के इकाई का आगमन सुपौल में हो रहा है. अवर न्यायाधीश प्रथम दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि चलंत लोक अदालत के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया जायेगा.
इस विस्तृत कार्यक्रम को लेकर रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है. बताया कि 14 दिसंबर को जिले के बसंतपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न पांच बजे तक, 15 दिसंबर को राघोपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में उक्त समय पर लोक अदालत व जागरूकता शिविर का आयोजन किया जायेगा.
वहीं 16 दिसंबर को निर्मली प्रखंड कार्यालय परिसर तथा 17 दिसंबर को प्रखंड कार्यालय सुपौल परिसर में लोक अदालत व जागरूकता शिविर लगेगा. 18 दिसंबर को प्रखंड कार्यालय त्रिवेणीगंज परिसर में लोक अदालत व जागरूकता शिविर के आयोजन निर्धारित है.
