प्रतापगंज (सुपौल) से सरोज कुमार महतो की रिपोर्ट:
सुपौल: प्रतापगंज पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 360 बोतल नेपाली शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक तिपहिया वाहन भी जब्त किया है.
गिरफ्तार युवकों की पहचान अजय कुमार, वार्ड संख्या-15, पिपराही थाना राघोपुर तथा रामविलास पासवान, वार्ड संख्या-4, सिमराही थाना राघोपुर के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार एनएच-27 स्थित दुअनिया मोड़ के समीप पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान संदेह के आधार पर एक तिपहिया वाहन की तलाशी ली गई. जांच के दौरान वाहन के पीछे बने सवारी सीट के नीचे छुपाकर रखी गई 360 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई.
शराब बरामद होते ही पुलिस ने मौके से दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी गुप्त तरीके से शराब की खेप लेकर जा रहे थे.
इस संबंध में प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बरामद शराब एवं वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
