किसनपुर : स्थानीय बस पड़ाव (जिस पर जिला परिषद द्वारा राजस्व की वसूली की जाती है) विवादों में है. यहां शनिवार को अवैध रूप से वसूली को लेकर दो गुटों में मारपीट हुई. सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की गयी. इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्ष के एक-एक लोग को गिरफ्तार कर लिया और चार नामजद तथा आधे दर्जन अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी अनुसार वाहन मालिकों ने पुलिस को शिकायत की थी कि कुछ लोग बस पड़ाव पर जबरन वसूली करते हैं. इसी दौरान शुक्रवार को वसूली को लेकर अरुण यादव व मो सलीम के बीच झड़प हो गयी. दोनों पक्ष ने थाना में आवेदन दिया है. एसडीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि जिला परिषद द्वारा वसूली के अलावा प्राइवेट लोगों द्वारा भी जबरन वसूली की जाती है. उन्होंने जिला परिषद की वसूली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना बस पड़ाव के शुल्क वसूलना सही नहीं है.
