बलुआ बाजार : थाना क्षेत्र के विशनपुर सिवराम पंचायत स्थित एसएच 91 मुख्य सड़क पर शांति पब्लिक निकेतन के समीप सोमवार की सुबह दो ऑटो की आमने- सामने की टक्कर में दस व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गये. सभी को वीरपुर स्थित एलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बताया जा रहा है कि अहले सुबह नरपतगंज की ओर से ऑटो चालक अपने वाहन में यात्री को बैठाकर वीरपुर की और जा रहा था. वहीं सवारी लेकर विपरीत दिशा से आ रही ऑटो की टक्कर एसएच 91 पर शांति पब्लिक निकेतन समीप हो गई. इस घटना में ऑटो सवार 10 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इसमें महिला व पुरुष यात्री शामिल हैं
. घटना में दोनों ऑटो के परखचे उड़ गये. घटना के बाद आस पास के लोगों ने घटना की सूचना बलुआ थाना को दी. सूचना के के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त घायल व्यक्ति को अपने वाहन में बिठाकर इलाज हेतु वीरपुर के एलएन अस्पताल में भर्ती कराया.
पुलिस दोनों क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आयी. घटना के बाद दोनों ऑटो चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. जब्त एक ऑटो का नंबर बीआर 38 पी 3422 बताया जा रहा है. जबकि दूसरा ऑटो बिना नंबर का है.
जख्मी में अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 04 निवासी झबरी देवी, विद्यानंन्द पासवान, सुखाय पासवान, अखिलेश कुमार पासवान, बलुआ थाना क्षेत्र के तुलसीपट्टी वार्ड नंबर 12 निवासी रूणा देवी, सिया देवी, संजू देवी भगिया देवी, राज पासवान, व कविता देवी हैं.
थानाध्यक्ष संतोष कुमार निराला ने बताया कि उक्त घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है. दोनों दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को थाना लाया गया है. आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद पीड़ित घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने व मदद करने में बसंतपुर सीओ व स्थानीय ग्रामीण मनोज यादव ने सहयोग किया.
