जदिया : एनएच 327 ई मुख्य पथ पर रघुनाथपुर मोड़ समीप बुधवार की देर शाम को हुए दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में जख्मी बाइक चालक की उपचार के दौरान मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर गांव निवासी 30 वर्षीय अरविंद कुमार यादव अपने बाइक से त्रिवेणीगंज से अपने घर रघुनाथपुर लौट रहे थे. जैसे ही वह रघुनाथपुर मोड़ समीप के पहुंचा उसी समय बघेली पंचायत के मुहर्रमपुर निवासी 27 वर्षीय मो आलम अपनी बाइक से जदिया बाजार की और जा रहे थे.
रघुनाथपुर मोड़ के समीप ही दोनों बाइक के आमने-सामने टक्कर हो गयी. जिससे दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों जख्मी को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया. जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की नाजुकता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया. जिसके बाद परिजन द्वारा अरविंद कुमार यादव का बेहतर उपचार के लिए विराटनगर ले जाया गया.
जहा उपचार के दौरान अरविद कुमार यादव की मौत हो गयी. जबकि मो आलम का उपचार पूर्णिया में चल रहा है. बताया गया कि वहां वह भी जिंदगी व मौत के बीच जूझ रहे हैं. मालूम हो कि अरविद गौचर हाट में खाद बीज का दुकान चलाता था. उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
