सुपौल से राजीव झा की रिपोर्ट :
शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाली एक साधारण शिक्षिका की रचनात्मक प्रतिभा अब राष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरने जा रही है. मध्य विद्यालय चकडुमरिया, सुपौल में कार्यरत शिक्षिका एवं नगर परिषद वार्ड संख्या-13 निवासी कल्याणी स्वरूपा का लिखा देशभक्ति गीत अब देश के प्रसिद्ध पार्श्व गायक कुमार सानु की आवाज में गूंजेगा. यह गीत आगामी 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिलीज होगा, जिसे लेकर पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है.कल्याणी गीतों के संग्रह ”अंदाज जिंदगी के” से एक गीत को आवाज देंगे सानू
कल्याणी स्वरूपा की पुस्तक ”अंदाज जिंदगी के” में कुल 14 देशभक्ति गीत शामिल हैं. इन्हीं में से एक भावपूर्ण गीत – ”जब कभी हम अपना तिरंगा लहराएंगे, सीमा से जो न लौटे वह शहीद याद आएंगे” — को कुमार सानू ने अपनी आवाज दी है. गीत की रिकॉर्डिंग एक मई 2026 को पूरी हो चुकी है और इसे स्वतंत्रता दिवस से लगभग 15 दिन पहले रिलीज करने की तैयारी है.
सोशल साइट के एक पोस्ट पर सानु ने किया संपर्क : कल्याणी
कल्याणी स्वरूपा ने बताया कि उनके सोशल साइट पर पोस्ट को देखने के बाद कुमार सानू की म्यूजिक कंपनी के डायरेक्टर पिट्टू कुमारी ने उनसे संपर्क किया. इसी माध्यम से उन्हें मुंबई पहुंचने और कुमार सानू से मुलाकात करने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे यादगार पल था. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “बचपन से मेरा सपना था कि मेरे लिखे गीत किसी बड़ी आवाज में गाये जाएं और फिल्मों में इस्तेमाल हों. आज वह सपना सच होता नजर आ रहा है.
बचपन से लिखने की थी आदत ने पूरा कर दिया सपना
जब मैं बहुत छोटी थी, तब लिखना तो आता था लेकिन कागज संभालना नहीं आता था. मेरी मां उन कागजों को सहेजकर रखती थीं. तभी से गीत लिखना मेरी आदत और सपना बन गया.”
कल्याणी की बचपन की सहेली एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय बलुआ की प्रिंसिपल डॉ. अर्चना कुमारी ने कहा कि बचपन से ही कल्याणी के सपनों को उन्होंने करीब से देखा है. उन्होंने रामायण की चौपाई “जेहि के जेहि पर सत्य सनेहू, सूत न मिली न मिलिहे न कुछ संदेहू” का उल्लेख करते हुए कहा कि कल्याणी की मेहनत और प्रतिभा का परिणाम आज पूरे जिले के सामने है.