पिपरा : थाना क्षेत्र के पथरा दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर 08 में बुधवार की सुबह एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या किये जाने का आरोप लगाया है. मृतका शकीना खातून के पिता बथनाहा कटैया निवासी मो गफ्फूर द्वारा थाना में दिये आवेदन के अनुसार उसकी पुत्री की शादी वर्ष 2005-06 में थाना क्षेत्र के ही पथरा दक्षिण वार्ड नंबर 08 निवासी मो अहमद मियां के पुत्र मो कबीर से हुई. उनसे दो पुत्री ही पैदा हुई.
शादी के कुछ दिनों बाद ही दामाद दूसरी शादी करना चाह रहा था. इसके लिये वह उसकी पुत्री से बराबर मारपीट करता था. इस बात को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुआ. इस बीच इन लोगों में इस बात को लेकर पुन: झगड़ा हुआ इसके बाद उसके पति एवं ससुराल वालों ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दी. आवेदन में मृतका सकीना खातून के पति मो कबीर, ससुर मो अहमद मियां,
ननद मेहरून खातून व समीला खातून, ननदोय मो सफीक, भांजा मो मुन्ना, चाचा मो फजलूर रहमान एवं चचेरा देवर जुबेर सहित आठ लोगों को नामजद एवं छह अन्य व्यक्तियों को गैर नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पिपरा पुलिस ने इस बाबत पिपरा थाना कांड संख्या 63/18 दर्ज कर नामजद अभियुक्तों में से एक मृतका के ससुर मो अहमद मियां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में सुपौल भेज दिया.
