प्लास्टिक के कबाड़ लदे ट्रक ने कोहरे के कारण पीछे से गिट्टी लदे ट्रक में मारी टक्कर
गिट्टी से लदे ट्रक को लेकर भागने में चालक रहा सफल
सरायगढ़ : एनएच 57 सड़क मार्ग पर विश्वकर्मा चौक भपटियाही के समीप मंगलवार की अहले सुबह दो ट्रकों की टक्कर में ट्रक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. वहीं सहचालक को मामूली चोट आयी. जख्मी चालक को स्थानीय लोगों व भपटियाही थाना पुलिस के सहयोग से ट्रक से निकाल कर एसएचसी सरायगढ़ भपटियाही में भर्ती करवाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर उमेश कुमार ने चालक की स्थिति गंभीर देखते हुए बाहर रेफर कर दिया. जानकारी अनुसार ट्रक चालक संजीत कुमार उम्र 35 वर्ष सीवान जिले के हुसैनगंज प्रखंड के हथोड़ा गांव का रहने वाला बताया जाता है. जख्मी चालक संजीत कुमार ने बताया कि ट्रक वेस्ट बंगाल से प्लास्टिक का कबाड़ लेकर दिल्ली जा रहा था.
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिट्टी से लदा ट्रक विश्वकर्मा चौक टर्निंग पर सुपौल की तरफ मुड़ रहा था. इसी बीच पीछे से सिमराही की ओर से आ रही प्लास्टिक के कबाड़ लदे कार्गो ट्रक नंबर एचआर 38यू 5724 ने गिट्टी से लदे ट्रक में कोहरे के कारण ठोकर मार दी. इसी बीच चालक गिट्टी से लदा ट्रक लेकर भागने में सफल रहा. ठोकर लगने से चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. क्षतिग्रस्त ट्रक एनएच 57 पर खड़े रहने के कारण एक घंटे तक यातायात वनवे हो गया. मौके पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गयी. पुलिस प्रशासन ने एनएचएआइ के क्रेन को मंगवा कर क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाया. इसके बाद यातायात सुचारु ढंग बहाल हो पाया. भपटियाही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है. मामले की छानबीन की जा रही है.
बाइक की ठोकर से साइकिल सवार घायल
वहीं दूसरी घटना में एनएच 57 सड़क मार्ग पर झाझा गांव के समीप सोमवार की देर संध्या साइकिल सवार विनोद कुमार मंडल उम्र 22 वर्ष बाइक की ठोकर से गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी को स्थानीय लोगों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़ भपटियाही में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टर उमेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया. जानकारी अनुसार घायल विनोद कुमार मंडल सरायगढ़ पंचायत के प्रवाह गांव का निवासी बताया जाता है. वहीं हादसे के बाद चालक बाइक लेकर फरार होने में सफल रहा.
आंगनबाड़ी व उप स्वास्थ्य केंद्र पर मनाया जायेगा आरोग्य दिवस
