पुण्यतिथि पर ललित बाबू को किया नमन

छातापुर : भारत सरकार के पूर्व रेलमंत्री स्व ललित नारायण मिश्र के 44 वीं पुण्यतिथि के मौके पर बलुआ बाजार स्थित समाधि स्थल पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी. ललित बाबू के पैतृक गांव बलुआ बाजार में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के मंत्री रमेश कुमार ऋषिदेव भी […]

छातापुर : भारत सरकार के पूर्व रेलमंत्री स्व ललित नारायण मिश्र के 44 वीं पुण्यतिथि के मौके पर बलुआ बाजार स्थित समाधि स्थल पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी. ललित बाबू के पैतृक गांव बलुआ बाजार में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के मंत्री रमेश कुमार ऋषिदेव भी शामिल हुए. निर्धारित समय से पूर्व पहुंचे मंत्री श्री ऋषिदेव का जिला प्रशासन व गणमान्य लोगों के द्वारा स्वागत किया गया. जिसके बाद कार्यक्रम का आगाज किया गया.

मंत्री के साथ स्व ललित बाबू के ज्येष्ठ पुत्र व विधान पार्षद विजय कुमार मिश्र, जिला पदाकारी बैद्यनाथ यादव, नवपदस्थापित आरक्षी अधीक्षक मृत्युंजय कुमार चौधरी सहित अन्य लोगों ने सर्वप्रथम समाधि स्थल स्थित ललितेश्वर नाथ शिव मंदिर पहुंचे. जहां विद्वान पंडित आचार्य धर्मेन्द्रनाथ जी के द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच शिवलिंग की पूजा अर्चना की गयी. तत्पश्चात ललित बाबू के सम्मान में शस्त्र झुकाकर खड़े सशस्त्र बलों ने शोक सलामी दी.

जिसके बाद मंत्री श्री ऋषिदेव सहित अन्य ने ललित बाबू की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देते श्रद्धा सुमन अर्पित किया. इस अवसर पर कोसी इलाके से पहुंचे जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि के अलावे गणमान्य लोगों ने भी ललित बाबू की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. मौके पर वक्ताओं ने कहा कि ललित बाबू के पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है. राजकीय समारोह होने के कारण जिला प्रशासन की अग्रणी भूमिका रहती है. जिला प्रशासन के नेतृत्व में ललित बाबू के परिजन सहित स्थानीय शुभचिंतकों के सहयोग से आयोजन को सफल बनाया जाता रहा है.सरायगढ़से प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड महिला कांग्रेस कमेटी भपटियाही में बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भूत पूर्व रेल मंत्री स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र की 44 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके तैलचित्र पर पुष्प व माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय मिश्र​ देश, राज्य व मिथिलांचल​ के विकास के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. इस मौके पर प्रखंड महिला अध्यक्ष सावित्री देवी, राज नारायण प्रसाद गुप्ता, प्रो सूर्य नारायण मेहता, मोतीराम, वीरेंद्र कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार यादव, मो तजमुल हुसैन, सुदेश्वर यादव, कमल नारायण शर्मा, प्रतिमा सिंह, मो सज्जाद, लक्ष्मी प्रसाद यादव, सुकुमारी देवी, मो जकीर, राज कुमार विश्वास, रविंद्र सिंह मौजूद थे.

ललित बाबू के अधूरे सपनों को पूरा करने का काम कर रहे हैं मुख्यमंत्री
प्रत्येक वर्ष तीन जनवरी को मनाये जाने वाले इस राजकीय समारोह में दीप प्रज्वलित कर शोक सभा का शुभारंभ किया गया. मुख्य अतिथि व जिला प्रभारी मंत्री श्री ऋषिदेव ने शोक सभा में बिहार सरकार की ओर से ललित बाबू को श्रद्धांजलि संदेश दिया. कहा कि ललित बाबू के अधूरे सपनों को पूरा करने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया जा रहा है. कहा कि सीएम श्री कुमार हमेशा कोसी इलाके को पहले से बेहतर बनाने के प्रति चिंतित रहते हैं.
कोसी इलाके में सड़क, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार काम चल रहा है. कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार सरकार 2005 से लगातार न्याय के साथ विकास कर रही है और बहुत कुछ करना अभी बांकी है. मंत्री ने कहा ललित बाबू के सहयोग से कोसी नदी पर तटबंध का निर्माण कराया गया. लेकिन दुर्भाग्यवश वर्ष 2008 में तटबंध टूट गया. जिस कारण इस इलाके का विकास 20 से 25 साल पीछे चला गया. कहा कि नीतीश जी के प्रयास से तटबंध को अब उंचा करके पक्कीकरण कर दिया गया है. कहा कि ललित बाबू के अधूरे सपनों को नीतीश जी निश्चित रूप से पूरा करेंगे और इस दिशा में लगातार काम चल रहा है.
शोक सभा को संबोधित करते विधान पार्षद श्री मिश्रा ने कहा कि उनके पिता ललित बाबू के सपनों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निश्चित रूप से पूरा करेंगे. वहीं डीएम बैद्यनाथ यादव ने कहा कि बिहार विभूति स्व ललित नारायण मिश्र अपने जीवन काल में कई महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित किये. कहा कि उन्होंने 1973 से 1975 तक भारत सरकार के रेल मंत्रालय का कार्य संभाले. साथ ही उन्होंने गृह मंत्रालय के उप मंत्री, उप वित्तमंत्री, रक्षा, उत्पादन राज्य मंत्री तथा विदेश व्यापार मंत्री के पद पर सुशोभित हुए. जयकृष्ण गुरमैता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को डा रंजीत कुमार मिश्र, महानंद यादव, देवनारायण खेड़वार, प्रो डी झा, ललित बाबू के पौत्र सुमित मिश्रा, मुखिया कैशर अली, गोविन्द झा आदि ने भी संबोधित किया. साथ ही ललित बाबू के कृति की चर्चा करते हुए उनके बताये रास्तों पर चलने का आह्वान किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >