घटना. पंचभिंडा गांव के समीप बस ने बाइक में मारी ठोकर
सुपौल : भलुआही मुख्य सड़क मार्ग पर बुधवार को पंचभिण्डा गांव के समीप एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार को जबरदस्त ठोकर मार दी. इस घटना में बाइक सवार दो व्यक्तियों में से एक की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं एक अन्य जख्मी को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरौना में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया. जानकारी अनुसार मरौना दक्षिणी पंचायत के रतहो गांव के वार्ड नंबर पांच निवासी 50 वर्षीय व 45 वर्षीय सोमन यादव बाइक पर सवार होकर निर्मली बाजार किसी निजी कार्य से जा रहे थे.
इसी क्रम में तेज गति से आ रही निर्मली से भलुआही जा रही पवन एक्सप्रेस सवारी बस पंचभिण्डा गांव के पास बाइक में जबरदस्त ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सीधा बस के नीचे घुस गयी. जहां बाइक चालक दिलीप यादव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी.
बस छोड़कर चालक व खलासी फरार
घटना के बाद गांव के लोग घटना स्थल की ओर पर दौड़ पड़े. जहां ग्रामीणों ने देखा कि दिलीप यादव अचेत पड़ा था. साथ ही उनके सिर फट जाने के कारण चारों तरफ खून ही खून बिखरा पड़ा था. साथ ही सोमन जख्मी हालत में घटना स्थल पर छटपटा रहे थे. ग्रामीणों ने आनन फानन में जख्मी सोमन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरौना पहुंचाया. घटना के बाद बस चालक व खलासी बीच सड़क पर ही बस को छोड़कर फरार हो गया. जिसके कारण निर्मली मरौना मुख्य सड़क पर यातायात बाधित हो गया. इधर घटना की सूचना मिलते ही मरौना थानाध्यक्ष अजीत कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच मौजूद भीड़ को समझा बुझाकर शांत कराया. इसके बाद सड़क पर खड़ी बस को जेसीवी से हटाया. इसके उपरांत उक्त पथ पर यातायात को सुदृढ़ कराया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
