निर्मली : नगर के भगत सिंह चौक के निकट मंगलवार को रिंग बांध जाने वाली पथ से संध्या गश्ती के दौरान पुलिस ने 30 बोतल नेपाल निर्मित शराब व दो बाइक सहित एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है. जबकि दूसरा शराब कारोबारी फरार हो गया. जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष दीनानाथ मंडल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की तस्करी की जा रही है. गश्ती कर रहे पुलिस बल द्वारा घेराबंदी की गई. इसी दौरान दो बाइक पर सवार युवकों ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगा.
जहां पुलिस ने भाग रहे युवकों में से एक को पकड़ लिया. बाइक की डिक्की की तलाशी ली गयी तो उसमें से 30 बोतल नेपाल निर्मित शराब की बरामद किया गया. पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम मधुबनी जिले के अंधरामंठ थाना क्षेत्र के डकही गांव निवासी मो कादिर बताया. फरार युवक निर्मली नगर के वार्ड नंबर 10 निवासी लखन साह बताया जा रहा है, जो पूर्व में भी शराब कारोबार के आरोप में जेल जा चुका है. थानाध्यक्ष श्री मंडल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना कांड दर्ज करते हुए कार्रवाई की जा रही है.
