सुपौल : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 में शुक्रवार की देर रात अगलगी की घटना में 13 परिवार का एक-एक घर जलकर राख हो गया. घटना में एक लाख 92 हजार नकद सहित लाखों की संपत्ति जलने का अनुमान लगाया जा रहा है.
वहीं प्रखंड के चिलौनी उत्तर पंचायत के बेल्ही गांव स्थित वार्ड नंबर नौ में शनिवार की सुबह अगलगी में चार परिवार के सात घर सहित नकदी व घर में रखे सभी सामान जलकर राख हो गये. आग लगने का कारण बिजली का शार्टसर्किट बताया जा रहा है. आग की उठती लपटों को देख जब लोगों ने शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोग एकजुट हुए.
पीड़ित बेचनी देवी, दुर्गा देवी, अशोक कुमार, सुनील कुमार, सुधीर कुमार, रूकिया देवी, शिवू कामत, दीपक कुमार, शिवकुमारी देवी, राजकुमार कामत, गीता देवी, सुशीला देवी एवं चलितर कामत ने बताया कि वे सभी खाना खाने के बाद अपने-अपने घर में सो रहे थे. देर रात अचानक शोरगुल सुनते ही घर से निकले
. बताया कि जबतक लोग एकजुट हुए तब तक आग की लपटे भयावह हो चुकी थी. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तबतक 13 घर सहित सभी सामग्री आग की भेंट चढ़ गया. इधर घटना के बाद ठंड के माैसम में सभी पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन बसर करने पर विवश हैं.
घटनास्थल पर नहीं पहुंचे कोई पदािधकारी
गौरतलब हो कि अगलगी के सभी पीड़ित परिवार गरीब वर्ग की श्रेणी में हैं. पीड़ित परिवार के मुखिया रिक्शा, खोंमचा, रेहड़ी सहित मजदूरी कर अपने- अपने परिवार का भरण पोषण करते रहे हैं. पीड़ित परिवारों ने बताया कि इस घटना में खून पसीने से कमाई कर जमा किये पीड़िता सुशीला देवी का नकद 60 हजार, दुर्गा देवी का 25 हजार, अशोक कुमार का 10 हजार, सुनील कुमार का 50 हजार, रूकिया देवी का 15 हजार, सुधीर कुमार का 07 हजार, दीपक कुमार का 15 एवं राजकुमार कामत का 10 हजार नकद राशि जल कर स्वाहा हो गया. साथ ही घर में रखा सभी उपस्कर व अन्य सामग्रियों को आग ने लील लिया.
बताया कि घटना की सूचना सदर थाना सहित संबंधित अधिकारियों को दी गयी है. शनिवार के अपराह्न तक किसी भी पदाधिकारी द्वारा घटना स्थल का जायजा नहीं लिया गया. इधर घटना के सूचना पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया.
