आयोजन. लक्ष्मी पूजा के अवसर पर लगने वाले तीन दिवसीय मेले में हुई कुश्ती प्रतियोगिता
लक्ष्मी पूजा के अवसर पर लगने वाले तीन दिवसीय मेले में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने फीता काटकर किया जिसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब सहित कई राज्यों के पहलवान कुश्ती में शामिल हुए. कुश्ती में पुरुष सहित महिला पहलवानों ने भी आजमाए दांव. तीन दिवसीय मेला में कुश्ती के साथ-साथ रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है.
सुपौल : सदर प्रखंड स्थित देवेंद्र नगर चौघारा में लक्ष्मी पूजा के अवसर पर लगने वाले तीन दिवसीय मेले में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने फीता काटकर किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि मेले से आपस में प्रेम व भाइचारा बढ़ता है. मेले से लोगों का आपसी मेलजोल एवं रिश्तों में मिठास आती है. उद्घाटन के मौके पर मेला कमेटी द्वारा दो दिवसीय दंगल कुश्ती का आयोजन किया गया. जिसमें बिहार सहित दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व यूपी के कई नामी पहलवानों ने भाग लिया. कुश्ती का शुभारंभ विधायक श्री यादव ने पहलवानों को हाथ मिलवा कर किया. प्रतियोगिता के दौरान प्रथम दिन शनिवार को पुरुष व महिला पहलवान सहित छह जोड़ी पहलवानों ने कुश्ती में भाग लिया.
जिसमें मधुबनी के दीपक यादव ने नेपाल के बुच्चो पहलवान को पराजित किया. जबकि मरौना सुपौल के विमल यादव ने मधुबनी के राघव कुमार को पटखनी दी. वहीं सुपौल के शिवम ने मरौना के सीताराम यादव को हराया. जबकि मधुबनी के दीपक यादव को मरौना के विमल यादव ने पराजित किया. वहीं सुपौल के शिवम ने मधुबनी के राघव को पराजित किया. महिला पहलवान में बनारस की ब्यूटी ने दिल्ली के रिंकी कुमारी को पराजित किया. कुश्ती देखने के लिये लोगों की अपार भीड़ जमा हुई थी. मेला के आयोजक सह प्रखंड प्रमुख मिलन देवी ने बताया कि तीन दिवसीय मेला में कुश्ती के साथ-साथ रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन किया गया है.
वहीं मेला को शांति पूर्ण ढंग से सफल बनाने को लेकर मेला कमेटी के सदस्य सहित प्रशासन तत्पर हैं. इस मौके पर धर्मेंद्र कुमार पिंटू, जितेंद्र कुमार सिंटू, अजय कुमार, धीरेंद्र यादव, युवा नेता सुधीर यादव, जय प्रकाश मेहता, विजेंद्र यादव, शिवेंद्र यादव, अरविंद कुमार सहित मेला कमेटी के सदस्य मौजूद थे.
