सुपौल : प्रकाश का महापर्व दीपावली को लेकर जिलेभर में साफ-सफाई का कार्य जोरों पर है. वहीं बाजार स्थित दुकान व प्रतिष्ठानों के संचालकों द्वारा साफ-सफाई के साथ-साथ दुकानों की सजावट का कार्य हो रहा है.
मालूम हो कि इस वर्ष 17 अक्तूबर को धनतेरस व 19 अक्तूबर को दीपावली का त्योहार मनाया जायेगा. इसको लेकर बाजारों में लोगों की चहल-पहल बढ़ गयी है. इधर महिलाएं भी घरेलू कार्य के अलावा दीपावली की तैयारी में व्यस्त देखी जा रही है. दीवाली के मौके पर घरों की सफाई करने के बाद कूड़ा को बाहर यत्र- तत्र फेंका जा रहा है. भगवान गणेश-लक्ष्मी की पूजा-अर्चना व धन्य-धान्य की मंगलकामना को लेकर खासकर बच्चों में उत्सवी माहौल है.
दीपावली पर दीप जलने में भले ही अब कुछ दिन शेष है. बहरहाल सोशल मीडिया पर आतिशबाजी शुरू हो चुकी है. दीपों की जगमगाहट के बीच भगवान गणेश, लक्ष्मी जी की मनमोहक छवि के साथ त्योहार की शुभकामनाओं की फुलझड़ी अपनी चमक बिखेड़ने लगी है. सोशल मीडिया पर पल भर में ही त्योहार की शुभकामनाएं देने का सिलसिला जोर पकड़ता जा रहा है.
सोशल मीडिया से जुड़े लोगों का कहना है कि दीपावली पर दीपों की जगमगाहट युक्त दीपावली की शुभकामना संदेश के अलावा सकारात्मक व स्वस्थ चुटकुला दिनभर हंसी को बरकरार रखने में उपयुक्त साबित हो रहा है. वहीं युवा अपने चाहने वालों को एक से एक सुंदर संदेश व दीपावली से जुड़ी तस्वीर के माध्यम से इस दीपावली को यादगार बनाने में कोई कसर छोड़ना नहीं चाहते.
