रंगेहाथ पकड़ाया चोर, लोगों ने पोल में बांधकर की पिटाई
सुपौल : सदर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 के एक घर में चोरी कर रहे चोर को सोमवार की अहले सुबह स्थानीय लोगों ने दबोचा लिया. आक्रोशित लोगों ने चोर को पोल में बांधकर उसकी जमकर पिटाई की. लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल […]
सुपौल : सदर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 के एक घर में चोरी कर रहे चोर को सोमवार की अहले सुबह स्थानीय लोगों ने दबोचा लिया. आक्रोशित लोगों ने चोर को पोल में बांधकर उसकी जमकर पिटाई की. लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया. फिलवक्त चोर कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है.
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटना से लोग आक्रोशित थे. शायद यही कारण रहा कि चोर पकड़ाते ही लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि चोरी की घटना से लोग अब ऊब चुके हैं. लाख प्रयास के बावजूद चोरी की घटना पर लगाम नहीं लग पा रही है. अपनी गाढ़ी कमाई को लोग घर में रखने से परहेज कर रहे हैं. न जाने कब किस रात उसके घर को चोर निशाना बना लें.
जानकारी के मुताबिक एक शिक्षिका के घर से ताला तोड़कर वार्ड नंबर 10 (स्टेशन चौक के पास) निवासी गौतम सहनी चोरी कर रहा था. इसी बीच आस-पास के लोगों की नींद टूटी और उक्त चोर को दबोच लिया. मामला यहीं खत्म नहीं हुआ, आक्रोशित लोगों ने चोर की जमकर धुनाई भी की और उसे बिजली के खंभे से बांधकर पीटा. इसके बाद चोर को गंभीर हालत में मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं एक अन्य चोर मौके पर से भागने में सफल रहा. इस बात की सूचना लोगों ने पुलिस को दी. इधर, शिक्षिका रश्मि राजेंद्र ने बताया कि रात को वे घर में नहीं थीं. उन्हें आशय की जानकारी लोगों द्वारा मिली.
पुलिस गश्ती नियमित करने की मांग
चोरी की इस घटना में अन्य लोग कौन-कौन थे, इसकी तलाश पुलिस कर रही है. हालांकि सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष राजेश्वर सिंह घटना स्थल पर पहुंच कर शिक्षिका से चोरी की घटना को लेकर पूछताछ भी की. कितने की चोरी हुई है और क्या-क्या चोरी गयी है, यह अभी नहीं बताया गया है. इस बाबत थानाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. जांच की जा रही है. उधर, चोर की पिटाई मामले में बताया कि इस मामले में भी जांच कर कार्रवाई होगी. इधर लोगों में इस बात को लेकर भी आक्रोश था कि पुलिसिया कार्रवाई में सुस्ती के कारण ही अक्सर इस तरह की चोरी की घटनाएं होती रही है. पुलिस की गश्त क्षेत्र में नियमित नहीं होने से चोरों व अन्य आपराधिक तत्वों का मनोबल बढ़ गया है. इसी वजह से हाल के कुछ महीनों में अपराध का ग्राफ बढ़ा है, जिससे लोग दहशत में हैं.