Siwan News: आंदर थाना क्षेत्र के तियांय बाजार में रविवार की दोपहर साइकिल से फेरी लगाकर टिकुली-सिंदूर और अन्य श्रृंगार सामग्री बेचने वाले एक वृद्ध की अचानक मौत हो गयी. घटना के बाद कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल-112 पुलिस को दी.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), आंदर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
साइकिल से गांव-गांव घूमकर बेचते थे श्रृंगार सामग्री
मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हरिहांस गांव निवासी करीब 70 वर्षीय बाबर अली, पिता इब्राहीम अली के रूप में हुई है. बताया जाता है कि बाबर अली लंबे समय से साइकिल से गांव-गांव और बाजारों में घूमकर टिकुली, सिंदूर समेत अन्य श्रृंगार सामग्री बेचते थे. इसी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.
रविवार को भी वह साइकिल से तियांय बाजार पहुंचे थे और फेरी लगाकर सामान बेच रहे थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी और वह बाजार में गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
परिजन शव को घर ले गये
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन आंदर थाना पहुंचे. परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ घर लेकर चले गये.
आंदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया वृद्ध की मौत हृदयाघात (हार्ट अटैक) से होने की संभावना जतायी जा रही है. हालांकि, पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत के वास्तविक कारण की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हो सकी है.
वृद्ध की अचानक मौत की खबर से परिजनों में मातम छा गया.
