Siwan News: नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र पथ स्थित भी मार्ट के पास शुक्रवार दोपहर झोला काटकर एक लाख रुपये की चोरी कर ली गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पीड़ित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर गांव निवासी अमल किशोर यादव हैं.
केनरा बैंक से निकाले थे एक लाख रुपये
जानकारी के अनुसार अमल किशोर यादव ने बबुनिया मोड़ स्थित केनरा बैंक से एक लाख रुपये निकाले थे. रुपये झोले में रखकर वह घर लौट रहे थे. इसी दौरान भी मार्ट के पास एक ठेले पर आम खरीदने के लिए रुक गए.
आम खरीदने में व्यस्त थे, उचक्के ने काट दिया झोला
आम खरीदने में व्यस्त रहने के दौरान एक उचक्के ने ब्लेड से उनका झोला काट दिया और उसमें रखे एक लाख रुपये, चेकबुक, पासबुक तथा अन्य जरूरी कागजात लेकर फरार हो गया. कुछ देर बाद जब अमल किशोर यादव की नजर झोले पर पड़ी तो वह फटा हुआ था और उसमें रखा सारा सामान गायब था. इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके.
सफेद शर्ट पहने युवक पर शक
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक संदिग्ध युवक सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था. पुलिस उसी आधार पर उसकी पहचान कर तलाश में जुटी है.
