Siwan News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरिया में सोमवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में चार सक्रिय टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया. फूड बास्केट में मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल थे.
नियमित इलाज के साथ पौष्टिक आहार पर जोर
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों को नियमित उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ पौष्टिक आहार देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पर्याप्त पोषण टीबी मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार और उपचार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
उन्होंने बताया कि टीबी उन्मूलन को लेकर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों की जांच कर बीमारी की समय पर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
अब तक 63 हजार लोगों की हुई टीबी जांच
डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान के तहत अब तक करीब 63 हजार लोगों की टीबी जांच की जा चुकी है. विशेष रूप से टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले लोगों की जांच पर जोर दिया जा रहा है, ताकि संक्रमण का समय पर पता लगाकर उपचार शुरू किया जा सके.
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य टीबी संक्रमण की कड़ी को तोड़ना और जल्द से जल्द टीबी का उन्मूलन करना है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार लोगों को जागरूक करने के साथ जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रही है.
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बांटा फूड बास्केट
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार के साथ डॉ. विकास कुमार गुप्ता, डॉ. प्रेमचंद कुमार और एकाउंटेंट प्रकाश चंदन ने चार टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किया.
इस मौके पर बीएचडब्ल्यू स्मृतिरंजन वर्मा, एसटीएस नेहा कुमारी, परामर्शदाता नीलोतम कुमार, जीएनएम विनीता कुमारी, मनीषा कुमारी, डाटा ऑपरेटर सालित अहमद, दीनदयाल कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
