सीवान: भगवानपुर हाट के एसएस कॉलेज में प्राचार्य के खिलाफ छात्रों का उग्र प्रदर्शन: शराब पीकर मारपीट का आरोप, जांच करने पहुंचीं महराजगंज SDO

Siwan News: सीवान के भगवानपुर हाट स्थित एसएस उच्च विद्यालय में प्राचार्य लालबाबू कुमार के खिलाफ छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. छात्रों ने प्राचार्य पर नशे में मारपीट करने, पैसे वसूलने और रिजल्ट रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की जांच के लिए महराजगंज SDO मौके पर पहुंचीं.

Siwan News: जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय स्थित एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में प्राचार्य लालबाबू कुमार के खिलाफ मंगलवार को छात्रों का भारी आक्रोश फूट पड़ा. शनिवार को हुए विवाद के बाद प्राचार्य पर कोई प्रशासनिक कार्रवाई न होने से नाराज सैकड़ों छात्र मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की. छात्रों का आरोप है कि शनिवार को दो छात्रों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे एक छात्र के साथ प्राचार्य ने शराब के नशे में मारपीट की थी, जिसकी शिकायत छात्रों ने डायल 112 को भी दी थी. इसके अलावा छात्रों ने प्राचार्य पर शराब पीकर स्कूल परिसर में कपड़े खोलकर सोने, परीक्षा फॉर्म भरने में निर्धारित शुल्क से 30 रुपये अधिक वसूलने और तीन माह पूर्व संपन्न इंटरनल परीक्षा का रिजल्ट अब तक दबाए रखने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए.

महाराजगंज एसडीओ ने छात्रों से की सीधी बात

छात्रों के प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही महाराजगंज की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनीता सिन्हा दल-बल के साथ विद्यालय पहुंचीं. उन्होंने सबसे पहले आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें कक्षाओं में भेजा. इसके बाद निष्पक्ष जांच के लिए प्रत्येक कक्षा से पांच-पांच विद्यार्थियों को कॉमन रूम में बुलाकर उनकी शिकायतों को गोपनीय और विस्तृत रूप से सुना. एसडीओ ने लगभग दो घंटे से अधिक समय तक विद्यालय में रहकर शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, साफ-सफाई और अनुशासन की गहन पड़ताल की.

बीईओ को समय-सारणी दुरुस्त करने का निर्देश

जांच के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था में भारी खामियां उजागर हुईं, जिस पर एसडीओ ने प्राचार्य और शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई. विद्यालय की विषयवार कक्षा-सारणी (टाइम-टेबल) अस्त-व्यस्त पाए जाने पर उन्होंने मौके पर मौजूद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राकेश कुमार को तत्काल व्यवस्थित विषय-सारणी तैयार कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने बाहरी तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए मुख्य गेट को सुबह 9:00 से 9:40 बजे के बीच बंद रखने, खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तुरंत ठीक कराने, प्रत्येक कक्षा पर नेमप्लेट लगवाने और छात्राओं के लिए 'मीना मंच' का गठन करने के कड़े आदेश दिए.

फोटो :प्रदर्शन करते छात्र व जाँच के दौरान एसडीओ अनीता सिन्हा | Prabhat Khabar Network

जांच में सामने आईं कई कमियां, प्राचार्य ने मारपीट पर दी सफाई

एसडीओ अनीता सिन्हा ने जांच के उपरांत स्पष्ट किया, "विद्यालय की स्थलीय जांच की गई है, जिसमें कई गंभीर प्रशासनिक और शैक्षणिक कमियां उजागर हुई हैं. छात्रों और शिक्षकों के बयान दर्ज किए गए हैं, पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकार को आवश्यक कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है."

वहीं, दूसरी ओर बीईओ राकेश कुमार ने कहा कि विभाग से रिपोर्ट तलब किए जाने पर वे अपनी विस्तृत जांच आख्या सौंप देंगे. इधर, अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए प्राचार्य लालबाबू कुमार ने शराब के नशे में होने के आरोप को पूरी तरह खारिज किया और कहा कि संबंधित छात्र शौचालय की दीवार पर आपत्तिजनक बातें लिख रहा था, जिसके चलते अनुशासन बनाए रखने के लिए उसे एक थप्पड़ लगाया गया था.

Also Read: सीवान नगर परिषद की बैठक में बड़े फैसले: शवदाह गृह, गांधी मैदान व राजेंद्र स्टेडियम के तय होंगे बुकिंग चार्ज; हर वार्ड में 2 नई योजनाएं

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत यादव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >