प्रतिनिधि, सीवान. बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना से बरामद की गयी चोरी की दो हाथियों को लेकर संभागीय वन अधिकारी पश्चिम बंगाल के लिए सोमवार को रवाना हो गये. जहां मंगलवार की सुबह पश्चिम बंगाल सरकार को हाथी सौंप दी जाएगी. संभागीय वन अधिकारी मेघा यादव ने बताया कि 2017 में चोरी-छिपे पश्चिम बंगाल से तीन हाथियों को गोपालगंज जिले के सिधवलिया स्थित एक आश्रम पर लाया गया था. हाथियों में सुमन ,भोला और बसंती शामिल थे. इसी दौरान पश्चिम बंगाल के उच्च न्यायालय में हाथियों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज कराया गया था ,जहां सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आदेश दिया था कि हाथियों को पश्चिम बंगाल सरकार को सौंप दिया जाय. आदेश के बाद महंत ने कहा था कि यह हाथी मेरा है, मैं देने के लिए इच्छुक नहीं हूं. मामला कोर्ट में लंबित रहा जब भी हाथी लेने के लिए आदेश जारी किया जाता था तो हाथी को हटा लिया जाता था. जिस कारण वन विभाग और पुलिस की टीम हाथी को बरामद नहीं कर पाती थी. हाल ही के दिनों में तीन हाथियों में से 22 फरवरी को एक हाथी की दरौंदा में मौत हो गई. इस मौत के बाद मामला और तूल पकड़ लिया. इसके बाद पश्चिम बंगाल सरकार और सख्त हो गयी. वही बीते 21 मार्च को दो हाथियों के महावत मुस्लिम समुदाय के होने के कारण ईद पर अपने घर आए हुए थे. तभी वन विभाग के संभागीय वन अधिकारी मेघा यादव को इसकी भनक लगी .जिसके बाद उन्होंने बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना चट्टी के समीप छापेमारी की और दोनों हाथियों को बरामद कर लिया. श्री यादव ने बताया कि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है. उन्होंने यह भी बताया कि जब भी हम लोग छापेमारी के ले जाते थे तो हाथियों को हटा दिया जाता था. कभी यूपी के मठ तो कभी बिहार के विभिन्न मठों पर हाथियों को भेज दी जाती थी. इधर हाथी बरामदगी के बाद संभागीय वन अधिकारी मेघा यादव सहित उनकी टीम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गई है. जहां मंगलवार की सुबह घोड़मारा नेशनल पार्क में ले जाकर हाथियों को सौंप दी जाएगी.
चोरी के हाथी पश्चिम बंगाल के लिए रवाना
बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना से बरामद की गयी चोरी की दो हाथियों को लेकर संभागीय वन अधिकारी पश्चिम बंगाल के लिए सोमवार को रवाना हो गये. जहां मंगलवार की सुबह पश्चिम बंगाल सरकार को हाथी सौंप दी जाएगी.
